रायपुर। राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था एक बार फिर सामान्य होने लगी है। नगर निगम के सफाई ठेकेदार और प्लेसमेंट कर्मचारी गुरुवार (2 जुलाई) से काम पर लौट आए हैं। निगम आयुक्त संचित मिश्रा के साथ हुई चर्चा और बकाया भुगतान के संबंध में मिले आश्वासन के बाद ठेकेदारों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।
दरअसल, करीब 15 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान के चलते लगभग 3,800 प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन पर संकट उत्पन्न हो गया था। इसके विरोध में बुधवार को सफाई ठेकेदारों और कर्मचारियों ने तीसरी बार हड़ताल कर शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी थी।
हड़ताल समाप्त होने के बाद गुरुवार सुबह से ही सफाईकर्मी मैदान में उतर गए हैं। शहर की सड़कों, बाजारों और नाले-नालियों के आसपास जमा कचरे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। निगम प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही राजधानी की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।





