रायपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस ने विशेष सत्यापन एवं जनसुरक्षा अभियान चलाया। अभियान के तहत थाना सिलतरा क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में रह रहे श्रमिकों, बाहरी राज्यों से आए कामगारों और किरायेदारों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान

यह अभियान पुलिस अधीक्षक (रायपुर ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसटीएफ के नोडल अधिकारी अभिषेक झा तथा माना एसडीओपी लम्बोदर पटेल ने की।

600 से अधिक लोगों का किया गया भौतिक सत्यापन

पुलिस ने सांकरा स्थित जे.के. वीडियो हॉल परिसर में विशेष जांच अभियान चलाकर करीब 600 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई। जांच के दौरान 6 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान होने पर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

मकान मालिकों को दी गई चेतावनी

अभियान के दौरान मकान मालिकों और संबंधित प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर कमरा या मकान उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की जानकारी समय-समय पर स्थानीय पुलिस को देने के लिए भी कहा गया।

संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अवैध प्रवासी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर सूचना दें, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने लोगों से अपने यहां रहने वाले सभी किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने और पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की है।