रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध पर लगाम लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर सोमवार रात कमिश्नरेट के मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन में एक साथ 41 स्थानों पर विशेष नाकेबंदी अभियान चलाया गया। यह अभियान रात 8 बजे से 11:30 बजे तक चला, जिसमें 5 हजार से अधिक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट, फैंसी नंबर प्लेट, संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही। नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों से मौके पर ही फिल्म हटवाई गई, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान और मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
शहरभर में 41 स्थानों पर रही पुलिस की कड़ी निगरानी
मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन के प्रमुख चौक-चौराहों एवं थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई। अभियान के दौरान थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की टीमें अड्डेबाजी वाले इलाकों, संवेदनशील क्षेत्रों और संदिग्ध स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करती रहीं।
नाकेबंदी के दौरान चोरी की स्कूटी बरामद
इसी अभियान के दौरान थाना गोलबाजार क्षेत्र के शास्त्री मार्केट से चोरी हुई हीरो होंडा प्लेजर (CG 04 DK 5384) की सूचना मिलते ही सभी थानों, नाकेबंदी प्वाइंट और पेट्रोलिंग टीमों को वायरलेस के जरिए अलर्ट किया गया।
कुछ ही देर बाद नाकेबंदी से बचकर भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध युवक को एसीसीयू की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। जांच में उसके कब्जे से वही चोरी की गई स्कूटी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
बटनदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
विशेष अभियान के दौरान थाना गंज पुलिस ने तेलीघानी नाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आर्यन चौहान (20) निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अभियान का उद्देश्य
पुलिस के अनुसार इस विशेष अभियान का मकसद अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश, वांछित और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तथा लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के दौरान कमिश्नरेट के तीनों जोन में पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा।





