रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। मामले में पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर एक अशोक लीलैंड ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 191 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 19 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम, दोनों निवासी पश्चिम बंगाल, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।