बलौदाबाजार-भाटापारा। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) 2019 बैच के अधिकारी राय गौरव रामप्रवेश ने गुरुवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह दंतेवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने उनका आत्मीय स्वागत किया और विधिवत रूप से जिले की कमान उन्हें सौंपी। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नवागत एसपी का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह (बलौदाबाजार), हेमसागर सिदार (भाटापारा), एसडीओपी तारेश साहू (भाटापारा), डीएसपी कौशल किशोर वासनिक (कैंप कसडोल), डीएसपी संजय साहू (यातायात), डीएसपी उषा सोन्धिया तथा रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पदभार संभालने के बाद एसपी राय गौरव रामप्रवेश ने जिले के सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और जन-केंद्रित पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।





