रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। राजस्व कार्यों में आ रही रुकावट को देखते हुए प्रदेशभर में अब तक 3912 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, 141 कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है। इसके अलावा 95 पटवारियों के तबादले भी किए गए हैं।

मोहला में कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में कलेक्टर तनुजा सलाम के निर्देश पर हड़ताली पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिले के 51 पटवारियों को नोटिस जारी किया गया है, जबकि तीन कर्मचारियों को निलंबित और 10 का स्थानांतरण किया गया है।

राजस्व कार्य प्रभावित, आम लोगों की बढ़ी परेशानी

पटवारियों की हड़ताल के कारण नामांतरण, बंटवारा और भूमि संबंधी अन्य राजस्व कार्यों में परेशानी हो रही है। किसानों और आम नागरिकों को जरूरी दस्तावेजों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

मांगों को लेकर अड़े पटवारी

पटवारी संघ 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। संघ ने पीवी ऐप से जुड़ी समस्याओं सहित विभिन्न मांगों को लेकर नाराजगी जताई है। दूसरी ओर प्रशासन ने सरकारी कामकाज प्रभावित होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तेज कर दी है।

हड़ताल को लेकर बढ़ा टकराव

लगातार नोटिस, निलंबन और तबादलों के बावजूद पटवारियों का आंदोलन जारी है। सरकार और कर्मचारियों के बीच बढ़ते टकराव के कारण राजस्व विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि बातचीत से समाधान निकलता है या प्रशासन आगे और सख्त कदम उठाता है।