रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कथित जाली नोटों की सप्लाई का झांसा देकर एक कारोबारी से 1 करोड़ 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने 45 करोड़ रुपये के कथित नकली नोट उपलब्ध कराने का दावा किया था, लेकिन रकम लेने के बाद न तो नोट दिए और न ही पैसा लौटाया। इस मामले के सामने आने के बाद बड़े गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

सोशल मीडिया से हुआ संपर्क

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक कारोबारी की आरोपियों से पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई। आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास बड़ी मात्रा में जाली नोट उपलब्ध हैं और 1 करोड़ 13 लाख रुपये के बदले 45 करोड़ रुपये के कथित नकली नोट देने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव के बाद दोनों पक्षों के बीच रायपुर और महाराष्ट्र में कई दौर की मुलाकातें हुईं।

होटल में बैठकों के बाद ली गई रकम

बताया गया है कि सौदे को अंतिम रूप देने के लिए रायपुर के अलग-अलग होटलों में कई बैठकें आयोजित की गईं। आरोपियों ने खुद को बड़े नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए कारोबारी का विश्वास जीता और अलग-अलग चरणों में रकम ली। शिकायत के अनुसार कुछ राशि रायपुर में ली गई, जबकि बाकी रकम लेने के लिए कारोबारी को महाराष्ट्र भी बुलाया गया। इस तरह कुल 1.13 करोड़ रुपये आरोपियों के कब्जे में चले गए।

बहाने बनाकर टालते रहे आरोपी

रकम लेने के बाद आरोपी लगातार जाली नोटों की खेप आने, सुरक्षा व्यवस्था और डिलीवरी में देरी जैसे बहाने बनाते रहे। काफी समय गुजरने के बाद भी न तो कथित नकली नोट उपलब्ध कराए गए और न ही ली गई रकम वापस की गई। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

दो पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस

पुलिस इस मामले की दो अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला, कारोबारी से 1 करोड़ 13 लाख रुपये की कथित ठगी और दूसरा, शिकायत में किए गए उस दावे की जांच, जिसमें जाली नोटों के लेन-देन और उन्हें बाजार में खपाने की कथित योजना का उल्लेख किया गया है।

जांच के तहत पुलिस होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक और नकद लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, यात्रा संबंधी जानकारी तथा महाराष्ट्र में हुई बैठकों के तथ्यों की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या इसी तरह की अन्य घटनाओं से भी इसका संबंध है।