रायपुर। राजधानी रायपुर में पढ़ाई कर रहे विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के साथ अहम बैठक की। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने कुलपतियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों को विदेशी विद्यार्थियों के सुरक्षित आवास, निगरानी और प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।
15 से 30 दिन में हॉस्टल में शिफ्ट करने के निर्देश
बैठक में कहा गया कि जो विदेशी विद्यार्थी विश्वविद्यालय या कॉलेज के छात्रावास से बाहर निजी मकान, पीजी अथवा अन्य स्थानों पर रह रहे हैं, उन्हें अगले 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए या उससे संबद्ध सुरक्षित हॉस्टल और आवासीय परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके लिए विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
विद्यार्थियों की पूरी जानकारी रखेंगे विश्वविद्यालय
प्रशासन ने सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए कि विदेशी विद्यार्थियों का अद्यतन और सत्यापित रिकॉर्ड रखा जाए। इसमें विद्यार्थी किस देश से है, उसका पाठ्यक्रम, प्रवेश की स्थिति, हॉस्टल या आवास का पता और संपर्क विवरण जैसी जानकारी शामिल होगी। जरूरत पड़ने पर यह जानकारी जिला प्रशासन और पुलिस के साथ साझा की जाएगी।
कानून तोड़ने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी विद्यार्थी के खिलाफ केवल उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। यदि कोई विद्यार्थी कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। संस्थानों को निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही विद्यार्थियों की काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
भारतीय कानून और स्थानीय संस्कृति की देंगे जानकारी
विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए नियमित ओरिएंटेशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है। इनमें भारतीय कानून, स्थानीय रीति-रिवाज, सार्वजनिक व्यवहार, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, पुलिस सहायता और आपातकालीन संपर्क नंबरों की जानकारी दी जाएगी। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील
कलेक्टर और एसपी ने कहा कि विदेशी विद्यार्थियों के साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों से आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। किसी भी संदिग्ध या कानून-विरोधी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस, जिला प्रशासन या संबंधित विश्वविद्यालय प्रबंधन को देने को कहा गया है।





