रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूलों के लिए वर्ष 2026 का अवकाश कैलेंडर तय कर दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश के लिए पांच-पांच दिन की छुट्टी निर्धारित की है। इस तरह इन तीन प्रमुख अवकाशों को मिलाकर विद्यार्थियों को कुल 15 दिन की छुट्टी मिलेगी। सरकारी, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में यह व्यवस्था लागू होगी।
दशहरा पर 17 से 21 अक्टूबर तक छुट्टी
दशहरा पर्व को देखते हुए स्कूल 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक बंद रहेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को लगातार पांच दिन का अवकाश मिलेगा। इसके बाद स्कूल निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार संचालित होंगे।
दीपावली पर 6 से 10 नवंबर तक अवकाश
दीपावली के अवसर पर स्कूलों में 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक छुट्टी घोषित की गई है। पांच दिनों के इस अवकाश के बाद नियमित कक्षाएं फिर से शुरू होंगी।
दिसंबर में पांच दिन का विंटर वेकेशन
शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक रहेगा। इस दौरान भी विद्यार्थियों को लगातार पांच दिन की छुट्टी मिलेगी।
पिछले साल के मुकाबले तीन दिन कम छुट्टी
पिछले शैक्षणिक सत्र में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश के लिए छह-छह दिन की छुट्टी निर्धारित थी। इस बार प्रत्येक अवकाश को घटाकर पांच दिन कर दिया गया है। इस तरह तीनों अवकाश मिलाकर विद्यार्थियों को पिछले वर्ष की तुलना में कुल तीन दिन कम छुट्टी मिलेगी।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से छुट्टियों की तारीखें तय होने के बाद अब विद्यार्थी और अभिभावक त्योहारों तथा यात्रा से जुड़ी अपनी योजना पहले से बना सकेंगे।





