अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में बुधवार को एक तेज रफ्तार कार की लापरवाही तीन बाइक सवारों पर भारी पड़ गई। उरला मोड़ के पास कार ने सामने से आ रही तीन अलग-अलग बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार अभनपुर से रायपुर की ओर जा रही थी, जबकि तीनों बाइक रायपुर से अभनपुर की दिशा में आ रही थीं। इसी दौरान उरला मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर बाइकों से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल का इलाज अभनपुर के शासकीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो अन्य को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद लोग वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।





