रायगढ़, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिंजकोट में पुलिस ने घेराबंदी कर गांजा तस्करी से जुड़े दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 4 किलो 110 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिंजकोट का एक व्यक्ति गांजा लेकर दर्रामुड़ा की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान धनेश्वर कुम्हार (62) को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास रखी प्लास्टिक की बोरी से चार पैकेट गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के बाद दूसरा आरोपित भी गिरफ्तार
पुलिस की पूछताछ में धनेश्वर ने दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39) का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से गांजा बिक्री के 500 रुपये नकद जब्त किए गए।
दोनों आरोपित भेजे गए जेल
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।





