रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों में कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया और जनता की समस्याओं को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया।


संगठन को मजबूत करने का दावा

दीपक बैज ने कहा कि उनके कार्यकाल में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। मंडल, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया गया। साथ ही संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण भी कराया गया।

उन्होंने कहा कि आगे भी कांग्रेस संगठन को सामूहिक नेतृत्व (Collective Leadership) के आधार पर और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।


भाजपा सरकार पर लगाए कई आरोप

भाजपा द्वारा कांग्रेस की कार्यकारिणी गठन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि संगठन की जहां भी कमजोर कड़ियां होंगी, उन्हें मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में बिजली दरों में पांच बार बढ़ोतरी की गई है। उनका कहना था कि सरकार एक ओर सोलर पैनल के जरिए मुफ्त बिजली देने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर सौर ऊर्जा सस्ती दरों पर खरीदकर उपभोक्ताओं को महंगी बिजली बेच रही है। उन्होंने इसे सरकार की दोहरी नीति करार दिया।


राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन

अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के जरिए कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच उठाएगी और सरकार से जवाबदेही की मांग करेगी।