रायपुर। राजधानी रायपुर में आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की प्रयोगशाला परिचालक भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। राजधानी में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय सुनेंगे 'मन की बात'
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे त्रिमूर्ति नगर स्थित दया भवन पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को सुनेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे वे एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री अपने निवास लौटेंगे।
राजधानी में छात्रों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन
राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक पर आज दोपहर 12 बजे से छात्र संगठनों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान छात्र पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाने, छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा री-नीट विवाद के बाद आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग करेंगे।
प्रयोगशाला परिचालक भर्ती परीक्षा आज
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (सीजी व्यापम) द्वारा प्रयोगशाला परिचालक (PSLA-26) भर्ती परीक्षा का आयोजन आज राजधानी रायपुर के 52 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा में 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। परीक्षा के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की जिला इकाई की ओर से कांदुल स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहीद परिवारों और कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कविता पाठ भी होंगे।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
काव्य संध्या
- आयोजक: साहित्य सृजन संस्थान
- स्थान: वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस
- समय: दोपहर 3:00 बजे
विशेष संगीत कार्यक्रम
- आयोजक: धुन फाउंडेशन
- स्थान: मायाराम सुरजन हॉल
- समय: शाम 6:00 बजे
शपथ ग्रहण समारोह
- आयोजक: महाराष्ट्र मंडल
- स्थान: चौबे कॉलोनी
- समय: शाम 5:30 बजे




