रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट 28 जुलाई को रायपुर दौरे पर आएंगे। उनके भाजपा के खिलाफ कांग्रेस द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि यह प्रदर्शन नीट (NEET) परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर किया जा रहा है। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस की ओर से अभी तक उनके दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।


संगठनात्मक बैठकों की भी संभावना

सूत्रों के अनुसार, रायपुर प्रवास के दौरान सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा ले सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस में चल रहे संगठनात्मक बदलाव और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच उनके इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पिछली बार प्रशिक्षण शिविर में हुए थे शामिल

इससे पहले 25 जून को सचिन पायलट रायपुर आए थे, जहां उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया था। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा पर निशाना साधा था।


भाजपा पर साधा था निशाना

रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान सचिन पायलट ने कहा था कि भाजपा को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर की चिंता करने के बजाय अपनी सरकार और संगठन के भीतर चल रही खींचतान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस 135 वर्ष पुरानी पार्टी है और नए जिला अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


पायलट ने यह भी कहा था कि राहुल गांधी की सोच के अनुरूप कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है। देशभर में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों में राजनीतिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।