रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने संगठन विस्तार और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान का शुभारंभ दंतेवाड़ा जिले के धुरली पंचायत से हुआ, जहां भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा ने बताया कि सदस्यता अभियान को सरल और डिजिटल बनाने के लिए पार्टी ने क्यूआर कोड और ऑनलाइन वेबसाइट जारी की है। पहले चरण में बस्तर संभाग को अभियान में शामिल किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 जुलाई को दोरनापाल और छिंदगढ़, 26 जुलाई को तोकापाल और नगरनार मंडल, 27 जुलाई को माकड़ी और फरसगांव, 28 जुलाई को ओरछा मंडल तथा 29 जुलाई को कांकेर के नई कमेटी हॉल में सदस्यता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को भाजयुमो की सदस्यता दिलाई जाएगी।

भाजयुमो का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना है।