रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल एनालॉग पनीर ही नहीं, बल्कि दूध, दही, मक्खन समेत सभी खाद्य सामग्री में मिलावट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क है।

स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त होने के मामले पर कहा कि रेलवे परिसर से जुड़े मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया अलग होती है, जिससे कभी-कभी तकनीकी दिक्कतें आती हैं। इसके बावजूद विभाग कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि यदि मिलावटखोर नए तरीके अपनाएंगे तो सरकार भी उनसे निपटने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।

मेडिकल छात्रों की मांग पर विचार जारी

मेडिकल कॉलेजों के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन पर मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है। उन्होंने बताया कि छात्रों से उनकी मुलाकात हो चुकी है और इस विषय पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हुई है। सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से विचार कर रही है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

साल 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही आपसी खींचतान और गुटबाजी है। ऐसी स्थिति में पार्टी संगठित होकर काम नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने में असफल रहती है।

कमिश्नरेट विस्तार पर सांसद के पत्र का समर्थन

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा लिखे गए पत्र पर मंत्री ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता की सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रखे। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपनी चिंता व्यक्त की है और इसमें कोई गलत बात नहीं है। कांग्रेस की ओर से की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनहित के मुद्दों पर काम करने की सीख लेनी चाहिए।