रायपुर। राजधानी रायपुर की बढ़ती आबादी, तेजी से हो रहे शहरी विस्तार और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की मांग की है। सांसद ने पुलिस कमिश्नरेट के क्षेत्राधिकार के व्यावहारिक पुनर्गठन, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता तथा पुलिस अधोसंरचना के विस्तार का सुझाव दिया है।

पत्र में सांसद ने कहा कि राजधानी की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन पुलिस बल और संसाधनों का विस्तार उसी अनुपात में नहीं हो पाया है। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन और नागरिकों को त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकार क्षेत्र की समीक्षा कर उसे वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पुनर्निर्धारित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे नए आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को देखते हुए पुलिस थानों, चौकियों और सुरक्षा व्यवस्था का भी विस्तार किया जाना चाहिए।

सांसद ने अपने पत्र में पुलिस विभाग में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने, अतिरिक्त पुलिस बल की स्वीकृति देने तथा आधुनिक तकनीक, वाहनों और संचार संसाधनों से पुलिस को सुसज्जित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार राजधानी की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।