कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस के गियर बॉक्स से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। इस दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तत्काल सड़क किनारे रोक दिया और करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
कटघोरा में अचानक सुलगने लगा बस का गियर बॉक्स
जानकारी के मुताबिक, यादव बस यात्रियों को लेकर कोरबा से बिलासपुर जा रही थी। इसी बीच कटघोरा तहसील चौक के समीप बस के गियर बॉक्स से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग भड़क उठी। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने वाहन रोक दिया, जिसके बाद सभी यात्रियों को आनन-फानन में नीचे उतारा गया।
स्थानीय लोगों ने बुझाई आग
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
दूसरी बस से भेजे गए यात्री
हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। यात्रियों को दूसरी बस के जरिए आगे रवाना किया गया। राहत की बात यह रही कि चालक की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।





