बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र के कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास बुधवार शाम एक मकान में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा एक युवक छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास रहने वाले दशरथ देवार के मकान में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, घरेलू सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। मकान के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आग की भेंट चढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद, स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पड़ोसी कपिल यादव पास के मकान की छत पर चढ़कर पानी डाल रहे थे। तभी घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के झटके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए सिम्स, बिलासपुर रेफर कर दिया।

कुछ ही मिनटों में राख हो गया पूरा सामान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा कोई भी सामान सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। कुछ ही मिनटों में फर्नीचर, कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। आग की चपेट में आकर बाहर खड़ी बाइक भी पूरी तरह जल गई।

सिलेंडर विस्फोट से मची अफरा-तफरी

आग बुझाने के प्रयास के दौरान हुए सिलेंडर विस्फोट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। बाद में लोगों ने सतर्कता बरतते हुए आसपास का इलाका खाली कराया।

रतनपुर थाना प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।