बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय ने उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग के अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के तहत 17 न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों और न्यायिक संस्थानों में नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
जगदलपुर और रायपुर में अहम बदलाव
जारी आदेश के अनुसार, जगदलपुर के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत को विशेष न्यायाधीश (एनआईए कोर्ट), जगदलपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ अग्रवाल को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जगदलपुर बनाया गया है।
किरण कुमार जांगड़े को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज तथा विनय कुमार प्रधान, जो रायपुर में एफटीसी (पॉक्सो) कोर्ट में पदस्थ थे, उन्हें रायपुर के ही एफटीसी न्यायालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा डमरूधर चौहान, जो रायपुर में षष्ठम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे, उन्हें दशम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, रायपुर बनाया गया है।
हाईकोर्ट और न्यायिक अकादमी में नई नियुक्तियां
बलौदाबाजार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी का तबादला हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर किया गया है।
वहीं राकेश कुमार वर्मा, जो बलौदाबाजार में प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे, उन्हें छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक (एडिशनल डायरेक्टर) नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव ओम प्रकाश जायसवाल को रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल), हाईकोर्ट बनाया गया है, जबकि रूपनारायण पात्रे, जो बिलासपुर में द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे, उन्हें हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है।
सूरजपुर, बलौदाबाजार और सारंगढ़ में भी बदलाव
आदेश के तहत विनिता वारनेर, जो सूरजपुर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश थीं, उनका तबादला बलौदाबाजार किया गया है।
थामस एक्का, जो सूरजपुर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश थे, उन्हें सूरजपुर का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
संगीता नवीन तिवारी, जो जगदलपुर में विशेष न्यायाधीश (एनआईए) थीं, उन्हें बलौदाबाजार में प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा डॉ. मनोज कुमार प्रजापति का तबादला बलरामपुर-रामानुजगंज से सारंगढ़-रायगढ़, अमित राठौर का सारंगढ़ से रायपुर, सुमित कपूर का हाईकोर्ट से रायपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, तथा अमित कुमार कोहली का छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर से बलरामपुर-रामानुजगंज किया गया है।
हाईकोर्ट ने जारी किया आदेश
हाईकोर्ट द्वारा जारी तबादला आदेश को आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है। न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित जिलों और न्यायिक संस्थानों में जल्द ही वे अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।





