जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम बोड़सरा स्थित एक शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक और शिक्षिका के कथित आपत्तिजनक व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर हुई विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। दावा किया गया कि यह वीडियो नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम बोड़सरा स्थित शासकीय स्कूल का है, जिसमें स्कूल परिसर के भीतर शिक्षक और शिक्षिका कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आते ही जिला प्रशासन ने इसकी गंभीरता से जांच के निर्देश दिए।
जांच के दौरान विद्यालय के स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की गई, जिसमें संबंधित शिक्षक और शिक्षिका की पहचान की पुष्टि की गई। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन मानते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा बनाए रखना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। मामले में नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।





