रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ऑक्टोपस बार के समीप स्थित एक हार्डवेयर दुकान में रात करीब 1 बजे आग भड़की, जिसने देखते ही देखते आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑक्टोपस बार समेत कई प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। तेज बारिश के बावजूद आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। सुबह तक भी मौके से धुआं उठता रहा।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग हार्डवेयर की दुकान से शुरू होने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

वहीं, भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि उन्हें रात करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

प्रशासन के अनुसार, इस अग्निकांड में ऑक्टोपस बार सहित तीन अन्य दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।