धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के भेण्डरी गांव में चोरी और हमले की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। देर रात एक नकाबपोश बदमाश घर में घुस गया और चोरी की वारदात को अंजाम देने के दौरान घर में मौजूद महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए रेनकोट और चेहरे पर नकाब पहन रखा था। वारदात के दौरान उसकी पूरी गतिविधि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।