भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित रामनगर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। बी-फार्मेसी की 19 वर्षीय छात्रा की एक सिरफिरे युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर निर्मम हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर छात्रा ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसी रंजिश में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह की है। उस समय छात्रा अपनी किराए की रिहाइश में मौजूद थी। उसकी रूममेट नहाने गई हुई थी, तभी आरोपी कमरे में घुसा और छात्रा पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में छात्रा के पेट और रीढ़ के पास गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान खुशी साहू (19) के रूप में हुई है, जो बेमेतरा जिले के ग्राम कुम्ही की निवासी थी। वह करीब दो महीने पहले उच्च शिक्षा के लिए भिलाई आई थी और शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी-फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए वह वैशाली नगर स्थित एक कैफे में भी काम करती थी।

जानकारी के मुताबिक, खुशी की सहेली सुरुचि भी करीब दो सप्ताह पहले भिलाई आई थी और उसी के साथ किराए के कमरे में रह रही थी। घटना के समय वही नहाने गई हुई थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से छात्रा पर शादी करने का दबाव बना रहा था। छात्रा द्वारा उसका नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद वह बौखला गया और हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दे बैठा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया है और दावा किया है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।