भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक चोरी मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। सुरक्षा में कथित लापरवाही सामने आने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अपने 7 जवानों को निलंबित कर दिया है। इस मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जांच के दौरान सामने आया कि भिलाई स्टील प्लांट से बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक की चोरी लंबे समय से की जा रही थी। शुरुआती जांच में करीब 250 टन सामग्री चोरी होने की बात सामने आई है। मामले ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि बीएसपी जैसे संवेदनशील औद्योगिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF के पास होती है।
7 CISF जवानों पर कार्रवाई
मामले की जांच के दौरान CISF के अधिकारियों और जवानों से पूछताछ की गई। विभागीय जांच में ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही सामने आने पर एक निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों सहित कुल 7 जवानों को निलंबित कर दिया गया। हालांकि विभाग ने विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए हैं, लेकिन कार्रवाई को सुरक्षा चूक से जोड़कर देखा जा रहा है।
अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस अब तक इस मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में बीएसपी के अधिकारी, कर्मचारी, ट्रांसपोर्टर और अन्य संदिग्ध शामिल हैं। इससे पहले बीएसपी के जनरल मैनेजर हिमांशु भूषण मलिक और इंजीनियर एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
ऑस्ट्रेलियन कोक की जांच जारी
जांच एजेंसियां चोरी किए गए ऑस्ट्रेलियन कोक की भी जांच कर रही हैं। जब्त किए गए नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की गई सामग्री को किस तरह प्लांट से बाहर निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाया और बेचा गया।
पूरे नेटवर्क की जांच
पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां इस पूरे रैकेट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसमें कई स्तरों पर मिलीभगत हो सकती है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




