भिलाईनगर। बीएसपी से ब्लू डस्ट की आड़ में लौह स्क्रैप और कोक-कोयला चोरी के संगठित रैकेट में पुरानी भिलाई पुलिस ने 16वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हेमंत देवांगन (22) लोडर ऑपरेटर था, जिसने पूछताछ में ब्लू डस्ट के भीतर स्क्रैप और कोयला छिपाकर बाहर भेजने की बात स्वीकार की। पुलिस अब तक 250 टन से अधिक स्क्रैप, वाहन और मशीनरी जब्त कर चुकी है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
नई यूनियन बनाने की तैयारी
भिलाई इस्पात मजदूर संघ की नई कार्यकारिणी में जगह नहीं मिलने से नाराज नेताओं का एक धड़ा नई यूनियन बनाने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि रविशंकर सिंह और शारदा प्रसाद गुप्ता इसके नेतृत्व में हो सकते हैं। दो सप्ताह के भीतर नई यूनियन के गठन की संभावना जताई जा रही है।
बीटेक छात्रों के लिए नया पी-क्यू ग्रुप सिस्टम
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने सत्र 2026-27 से बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए P एवं Q ग्रुप सिस्टम लागू कर दिया है। इससे थ्योरी और लैब कक्षाओं का बेहतर संचालन होगा तथा विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं में अधिक अवसर मिलेंगे। सभी कॉलेजों को 31 जुलाई तक छात्रों का ग्रुप निर्धारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
भिलाई निगम आरक्षण पर विवाद
भिलाई नगर निगम के वर्ष 2021 के वार्ड आरक्षण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने कलेक्टर से जांच की मांग की है। उनका दावा है कि अनुसूचित जाति और जनजाति के कई वार्डों का आरक्षण 2011 की जनगणना के अनुसार गलत किया गया।
पुलिस विभाग में फेरबदल
प्रशासनिक कारणों से पुलिस विभाग ने कई अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए हैं। निरीक्षक शिव नारायण सिंह को सुपेला थाना प्रभारी और उप निरीक्षक पूर्ण बहादुर को रुआबांधा चौकी प्रभारी बनाया गया है।
ऑपरेशन के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टर रहेंगे अनिवार्य
राजनांदगांव। जिला अस्पताल में नवजात की मौत के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रत्येक सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की मौजूदगी अनिवार्य होगी। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी नक्सली बनकर दहशत फैलाने वाले दो गिरफ्तार
गढ़चिरोली पुलिस ने माओवादी बनकर गांवों में बैनर और पर्चे लगाकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर गैरकानूनी गतिविधि अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जल जीवन मिशन की अधूरी टंकी बनी शोपीस
धर्मापुर में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी तीन साल बाद भी उपयोग में नहीं आ सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी के स्रोत की व्यवस्था किए बिना टंकी बना दी गई। अब लाखों रुपये की लागत से बनी टंकी जर्जर होने लगी है।
स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल पर नाराजगी
राजनांदगांव जिले में स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं ने बिजली बिल तीन गुना तक बढ़ने की शिकायत की है। लोगों का कहना है कि लगातार शिकायत के बावजूद बिजली कंपनी समाधान नहीं कर रही।
लक्ष्य प्रतिभा सम्मान समारोह आज
गंडई में रविवार को जिला स्तरीय लक्ष्य प्रतिभा सम्मान एवं करियर गाइडेंस समारोह आयोजित होगा। इसमें मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और विशेषज्ञों द्वारा करियर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
प्रयास विद्यालयों में 9वीं प्रवेश काउंसलिंग शुरू
प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं के प्रवेश के लिए चयनित विद्यार्थियों की काउंसलिंग शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 5 अगस्त तक संबंधित विद्यालयों में चलेगी। चयनित छात्रों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।




