रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी डकैती की साजिश समय रहते नाकाम हो गई। पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स को निशाना बनाकर लूट की योजना बना रहे दिल्ली और बिहार के तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप ने बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में राजधानी में लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई और संभावित डकैती को अंजाम देने से पहले ही विफल कर दिया गया।

रेलवे स्टेशन के पास दबोचे गए आरोपी

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे स्थित नए मार्ग के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे थे।

पहले की थी ज्वेलर्स की रेकी

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी की थी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, आसपास का इलाका और वारदात के संभावित रास्तों का बारीकी से अध्ययन किया था। पुलिस के मुताबिक गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जो मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहकर पूरी योजना की निगरानी कर रहे थे। उनकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

हथियार और नकदी बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, हथियारों की व्यवस्था और फरार साथियों की भूमिका की तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

CJP आंदोलन में शामिल होने की जानकारी

पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि गिरफ्तार तीन आरोपियों में से दो युवक दिल्ली में हुए CJP आंदोलन में भी शामिल रहे थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

गुढ़ियारी थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पांडेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार साहू, उप निरीक्षक कैलाश केशरवानी, पीएसआई वरदान सिंह, सउनि नरेश देवांगन सहित पुलिस टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपी

  • देवांश शर्मा (19), निवासी सागरपुर, दिल्ली
  • सुशांत कुमार पासवान (19), निवासी नजफगढ़, दिल्ली
  • मयंक सिंह (19), निवासी सिकंदरपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार