कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बड़े मदनपुर घाट के खतरनाक मोड़ पर आठ नई कारों से लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि कंटेनर में रखी सभी आठ कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

घाट के मोड़ पर बिगड़ा वाहन का संतुलन

जानकारी के मुताबिक, कंटेनर आंध्र प्रदेश से आठ नई कारें लेकर अंबिकापुर स्थित महामाया ऑटो सेंटर जा रहा था। इसी दौरान मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट में अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते भारी वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

नई कारों को भारी नुकसान

हादसा इतना जबरदस्त था कि कंटेनर के साथ उसमें लदी आठ नई कारों को भी भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम के अनुसार, पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।