रायपुर। छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने उप संचालक, जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) और सहायक संचालक स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए 14 अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से जारी आदेश के मुताबिक संबंधित अधिकारियों को नई जगह पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
संचालनालय में भी बदली जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार जगरानी एक्का को प्रभारी संयुक्त संचालक, संचालनालय महिला एवं बाल विकास की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया, अजय शर्मा और बृजेन्द्र सिंह ठाकुर को संचालनालय में उप संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा श्रुति नेरकर को राज्य स्तरीय संसाधन केंद्र रायपुर में उप संचालक बनाया गया है।
दुर्ग, गरियाबंद और राजनांदगांव में नए DPO
जिला स्तर पर भी कई अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है। अशोक पांडेय को जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्ग, वरुण नागेश को जिला कार्यक्रम अधिकारी गरियाबंद और राजकुमार जाम्बुलकर को जिला कार्यक्रम अधिकारी राजनांदगांव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं लुपेन्द्र महिनाग को प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी धमतरी, ऋतीश कुमार टंडन को बेमेतरा, अतुल दाण्डेकर को सक्ती और अनुकूल पांडेय को जशपुर में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी बनाया गया है।
बाल अधिकार संरक्षण आयोग में भी बदलाव
तबादला आदेश में अवनी बिस्वाल को छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग, रायपुर में प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुधाकर बोदले को क्षेत्रीय महिला प्रशिक्षण संस्थान, सरगुजा में उप संचालक के पद पर भेजा गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत आंगनबाड़ी, पोषण, महिला कल्याण और बाल संरक्षण जैसी अहम योजनाएं संचालित होती हैं। ऐसे में जिला और संचालनालय स्तर पर किए गए इस बदलाव को विभागीय कामकाज और योजनाओं की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







