रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 76 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला कर दिया है। विभाग ने दो अलग-अलग स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए अधिकारियों की नई पदस्थापना तय की है। इसके साथ ही चार पुराने आदेशों में संशोधन किया गया है।

दो अलग-अलग आदेशों में जारी हुई तबादला सूची

नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से जारी पहली सूची में 53 अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। वहीं, दूसरी सूची में 23 अधिकारियों और कर्मचारियों की पदस्थापना बदली गई है। विभागीय आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सात दिनों के भीतर देना होगा ज्वाइनिंग

स्थानांतरण आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सात दिनों के भीतर नई जगह पर कार्यभार संभालना होगा। तय समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण नहीं करने वालों को पूर्व पदस्थापना स्थल से वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा।

CMO विकास पाटले की बहाली, दल्लीराजहरा में मिली जिम्मेदारी

इसी बीच नगरीय प्रशासन विभाग ने निलंबित मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) विकास पाटले को भी बहाल करने का आदेश जारी किया है। उन्हें बालोद जिले की नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा में पदस्थ किया गया है।

हालांकि, बहाली के बावजूद उनके खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी। निलंबन अवधि के संबंध में अंतिम निर्णय जांच पूरी होने के बाद लिया जाएगा।

पुराने आदेशों में भी किया गया संशोधन

विभाग ने तबादला सूची जारी करने के साथ चार पूर्व पदस्थापना आदेशों में भी बदलाव किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई नगरीय निकायों में अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां बदल जाएंगी। नई पदस्थापना के अनुसार संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्यभार संभालना होगा।