रायपुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए चार अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया है। विभाग की ओर से जारी आदेश में दो विकासखंड शिक्षा अधिकारी स्तर के अधिकारियों और दो प्राचार्यों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के तहत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी की कमान भी बदली गई है।

प्रशांत चिरवतकर संभालेंगे प्रभारी DEO की जिम्मेदारी

शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान विकासखंड में पदस्थ प्रशांत चिरवतकर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।

वहीं, अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे पुरुषोत्तम लाल साहू को अंबागढ़ चौकी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल गोपलीनचुवा में नई पदस्थापना दी गई है।

बिलासपुर के प्राचार्य का बलरामपुर तबादला

विभागीय आदेश में बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दर्रीघाट के प्राचार्य राघवेंद्र कुमार गौरहा का भी स्थानांतरण किया गया है। उन्हें बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयनगर भेजा गया है।

इसके अलावा कोरबा में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत कमलेश तंवर को कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ किया गया है।

तत्काल प्रभाव से लागू हुई नई पदस्थापना

स्कूल शिक्षा विभाग ने 3 नवंबर को जारी आदेश में सभी चार अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

नवा रायपुर स्थित मंत्रालय से जारी आदेश के बाद संबंधित जिलों में शिक्षा विभाग की प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।