रायगढ़, 7 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत पुलिस ने खरसिया और कोतरारोड़ थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर छापेमारी की। इस दौरान 29 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 9 लाख 500 रुपये नकद बरामद किए गए। हैरान करने वाली बात यह है कि एक स्थान पर स्ट्रीट लाइट के नीचे, जबकि दूसरे स्थान पर मोमबत्ती की रोशनी में जुआ खेला जा रहा था।
दो जगहों पर एक साथ पुलिस की दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में बड़ी संख्या में लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
सीएसपी राहुल उइके और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
रानीसागर में स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलते 19 पकड़े गए
पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर में हुई। यहां पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में जुआ फड़ संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र के लोग दो पत्ती ताश के जरिए रुपये-पैसों का दांव लगा रहे थे।
पुलिस ने घेराबंदी कर 19 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद, दो गड्डी ताश और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही प्लास्टिक बोरी जब्त की गई।
तारापुर में मोमबत्ती जलाकर खेल रहे थे जुआ, 10 गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में की गई। यहां एचपी गैस एजेंसी के पास दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी।
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तो वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। हालांकि, घेराबंदी कर 10 लोगों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने मौके से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की। बताया गया कि सभी लोग काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे थे।
दोनों कार्रवाई में 9 लाख 500 रुपये बरामद
रायगढ़ पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें रानीसागर से 19 और तारापुर से 10 आरोपी शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान कुल 9 लाख 500 रुपये नकद, ताश की गड्डियां और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री जब्त की गई।
पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
एसएसपी बोले- अवैध जुआ-सट्टे पर जारी रहेगी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
जुआ फड़ों के संचालन की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों स्थानों पर जुआ फड़ों का संचालन किस तरह किया जा रहा था और क्या इसके पीछे अन्य लोगों की भी भूमिका थी।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में जुआ-सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





