रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने तमनार और चक्रधर नगर क्षेत्र में दबिश देकर 204 लीटर महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 440 किलोग्राम महुआ लाहन भी बरामद किया गया। एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
जंगल में लावारिस हालत में मिली 195 लीटर शराब
आबकारी विभाग की टीम ने 31 अक्टूबर को ग्राम रेगड़ा के जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान झाड़ियों और जंगल के बीच लावारिस हालत में रखी 195 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला 440 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 61 हजार रुपये बताई गई है।
महिला के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब जब्त
वहीं, 1 नवंबर को तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम तमनार में आबकारी विभाग ने छापेमारी की। इस दौरान बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। विभाग ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
दोनों कार्रवाइयों में कुल 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया है। जंगल में मिली शराब के मामले में संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर जांच और छापेमारी कर रही है।





