गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रशासन ने अवैध खनन, सरकारी भूमि पर कब्जे और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर रेत और मुरुम के अवैध परिवहन व उत्खनन में लगे छह ट्रैक्टर जब्त किए हैं। वहीं, ऑक्सीजन जोन में सरकारी जमीन पर हो रहे निर्माण को जेसीबी से हटाया गया। खाद्य विभाग ने भी मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर 26 नमूने जांच के लिए भेजे हैं।

अवैध खनन की शिकायत पर चार स्थानों पर कार्रवाई

सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया।

इस दौरान रूमगा में रेत से भरे दो ट्रैक्टर पकड़े गए। सिल्पहरी में एक ट्रैक्टर और नेवसा में मुरुम परिवहन कर रहे एक अन्य ट्रैक्टर को जब्त किया गया। खन्ता क्षेत्र में भी रेत के अवैध उत्खनन में लगे दो ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई।

खनिज विभाग ने सभी छह वाहनों को जब्त कर संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

ऑक्सीजन जोन की जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त

जिले में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गौरेला-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर जिला अस्पताल के पीछे स्थित ऑक्सीजन जोन में अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।

जानकारी मिलते ही राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच में करीब एक हजार वर्गफीट से अधिक सरकारी भूमि पर निर्माण होने की बात सामने आई।

एसडीएम विक्रांत अंचल और तहसीलदार प्रीति शर्मा की मौजूदगी में जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माण हटाया गया। अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की दबिश, 26 नमूने जांच के लिए भेजे

दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान चलाया।

गौरेला, पेंड्रा और मरवाही की विभिन्न मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पनीर, खोवा, बर्फी और मिल्क केक समेत अन्य खाद्य पदार्थों के 26 नमूने लेकर रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए।

गंदगी मिलने पर भुवन होटल का पंजीयन निरस्त

निरीक्षण के दौरान मरवाही के भुवन होटल में साफ-सफाई की गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इस पर खाद्य विभाग ने होटल का पंजीयन निरस्त करते हुए सुधार होने तक संचालन बंद करा दिया।

इसके अलावा अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी जलेबी को नष्ट कराया गया। नियमों का पालन नहीं करने वाले दो अन्य प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।