गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 240 बोरी संदिग्ध धान जब्त किया है। जांच के दौरान धान के भंडारण से जुड़े कई सवाल सामने आए हैं।

बरवासन गांव में दो स्थानों पर छापेमारी

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन में प्रशासनिक टीम ने पेंड्रारोड तहसील के ग्राम बरवासन में जांच अभियान चलाया। इस दौरान राजेंद्र गुज्जर की बाड़ी में खड़े ट्रैक्टर से 35 बोरी और खुले स्थान पर रखी 100 बोरी धान बरामद की गई। वहीं, जीवन सिंह मारको के यहां जांच करने पर 105 बोरी धान मिली।

संयुक्त टीम ने दोनों स्थानों से कुल 240 बोरी धान जब्त कर ग्राम कोटवार की अभिरक्षा में सौंप दिया।

खेतों में फसल खड़ी, लेकिन पहले से जमा था धान

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को पता चला कि संबंधित लोगों के खेतों में धान की कटाई और मिसाई का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके बावजूद बड़ी मात्रा में धान का भंडारण मिलने पर अधिकारियों को संदेह हुआ।

पूछताछ में दूसरे किसानों के खेतों से धान लाकर जमा किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद टीम ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।

बिचौलियों पर प्रशासन की पैनी नजर

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हुई है। प्रशासन की कोशिश है कि समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीदी में अवैध रूप से संग्रहित धान की खपत न हो और वास्तविक किसानों को योजना का लाभ मिल सके।

इसी उद्देश्य से जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी बढ़ाई गई है। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गड़बड़ी मिलने पर जारी रहेगी कार्रवाई

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि धान खरीदी के पूरे सीजन में जांच अभियान जारी रहेगा। खरीदी व्यवस्था में अनियमितता, अवैध भंडारण या परिवहन के मामले सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिले में धान खरीदी की शुरुआत के साथ हुई इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रशासन बिचौलियों और संदिग्ध भंडारण की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहा है।