PoK में पाकिस्तानी सेना का हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार, 21 सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की खबर
इस्लामाबाद/मुजफ्फराबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बुधवार को पाकिस्तानी सेना का एक एमआई-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा मुजफ्फराबाद के निकट उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हुआ। मीडिया रिपोर्टों में हेलिकॉप्टर में सवार 21 सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की बात कही जा रही है, हालांकि पाकिस्तानी सेना ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में सवार सुरक्षाकर्मी नीलम घाटी सेक्टर की ओर जा रहे थे। क्षेत्र में विधानसभा की 12 आरक्षित सीटों को लेकर विवाद और बढ़ते विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि मुजफ्फराबाद से उड़ान भरने के कुछ देर बाद हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति बिगड़ने पर पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन हेलिकॉप्टर सुरक्षित नहीं उतर सका और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पाकिस्तानी सेना ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





