रायगढ़। जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम रोड के एक किराये के मकान में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। तय संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान के बाहर एक महिला मिली, जिसने पूछताछ में अपना नाम गुंजन चौहान (36) बताया। मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुरुष ने अपनी पहचान नेहरू चौहान (37) के रूप में बताई। वहीं दूसरे कमरे में दो महिलाओं के साथ एक अन्य व्यक्ति मीर रविउल (34) मौजूद मिला।
पुलिस कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों को मौके से सुरक्षित निकाला गया। वहीं महिला संचालक सहित दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में मकान की तलाशी ली गई, जिसमें आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। साथ ही ग्राहक के रूप में भेजे गए व्यक्ति द्वारा दिए गए 2,500 रुपये भी जब्त किए गए।
पूछताछ में महिला ने किराये के मकान में देह व्यापार संचालित किए जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद चक्रधरनगर थाना पुलिस ने गुंजन चौहान, नेहरू चौहान और मीर रविउल के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।





