बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक द्वारा खुद को ब्लेड से घायल करने का मामला सामने आया है। युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस का दावा है कि युवक ने पुलिस पर दबाव बनाने की नीयत से यह कदम उठाया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा क्षेत्र में शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से चाकू बरामद होने की बात सामने आई।
चाकू मिलने के बाद पुलिस युवक को सिविल लाइन थाने लेकर आई। वहां आरोपी को लॉकअप में रखा गया था। इसी दौरान उसने कथित रूप से ब्लेड से खुद को घायल कर लिया। घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक पर पहले से संदिग्ध गतिविधि और चाकू रखने का आरोप है। उसे कार्यक्रम स्थल से सुरक्षा जांच के दौरान पकड़ा गया था। पुलिस का कहना है कि थाने लाए जाने के बाद आरोपी ने दबाव बनाने के उद्देश्य से खुद को घायल किया। हालांकि यह ब्लेड उसके पास कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।
मामले में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी युवक कार्यक्रम स्थल पर चाकू लेकर क्यों पहुंचा था। क्या उसका किसी से विवाद था या वह किसी घटना को अंजाम देने की नीयत से वहां आया था, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
लॉकअप में युवक के खुद को घायल करने की घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि लॉकअप में रखे जाने से पहले युवक की तलाशी पूरी तरह ली गई थी या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि ब्लेड युवक के पास पहले से था या किसी अन्य तरीके से लॉकअप तक पहुंचा।
फिलहाल घायल युवक का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों की रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट की जाएगी।





