रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार जल्द ही योजना के पात्र लेकिन अब तक वंचित महिलाओं के नाम सूची में जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके तहत विशेष रूप से नवविवाहित महिलाओं और पात्रता पूरी करने वाली नई महिलाओं को योजना का लाभ देने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने पहले भी संकेत दिए थे कि जिन महिलाओं की पात्रता बनती है, उन्हें महतारी वंदन योजना से जोड़ा जाएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से प्रदान की जाती है। राज्य में लाखों महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं और सरकार लाभार्थियों के दायरे को और बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। सूत्रों के अनुसार, नए आवेदनों और पात्र हितग्राहियों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संशोधित सूची जारी की जा सकती है। इसके बाद नए नाम शामिल होने पर संबंधित महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पात्र महिलाओं को आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने और विभागीय निर्देशों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है, ताकि नाम जुड़ने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।





