दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवरब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे में केबिन के भीतर मौजूद ठेका श्रमिक और क्रेन ऑपरेटर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीचे गिरते समय केबिन बीच में एक स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हो गई। यदि केबिन सीधे जमीन पर गिरता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। इसके बावजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद बीएसपी के कर्मचारियों ने घायल रविंद्र चौधरी को मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित ओवरब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले सुरक्षा निरीक्षण (सेफ्टी इंस्पेक्शन) किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। ऐसे में केबिन का अचानक टूटकर गिरना सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। बीएसपी प्रबंधन ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।