रायपुर। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना का लाभ लेने से वंचित रह गई हजारों पात्र विवाहित महिलाएं नए पंजीयन की शुरुआत का इंतजार कर रही हैं। योजना का पोर्टल दोबारा कब खुलेगा, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। हालांकि, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लगातार यह संकेत दिए जा रहे हैं कि तैयारी अंतिम चरण में है और जल्द ही नई पात्र महिलाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
मंत्री ने दिए जल्द शुरुआत के संकेत
हाल ही में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया था कि योजना के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री स्तर पर सहमति मिल चुकी है। विभाग तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि पोर्टल जल्द आम लोगों के लिए खोला जा सकता है।
बताया जा रहा है कि आवेदन प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की तैयारी है। पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में पंजीयन शुरू किया जाएगा, जिसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों की पात्र महिलाओं को भी आवेदन का अवसर मिलेगा।
वंचित महिलाओं को मिलेगा मौका
योजना का दोबारा पंजीयन शुरू होने से उन महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो पहले किसी कारण आवेदन नहीं कर सकीं या पात्र होने के बावजूद लाभार्थी सूची में शामिल नहीं हो पाईं। नए आवेदन के माध्यम से उन्हें भी योजना का लाभ मिलने का रास्ता खुल सकता है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है।
किस्त जारी होने में भी बढ़ रही देरी
योजना के लाभार्थियों के बीच एक और मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल के महीनों में महतारी वंदन योजना की राशि समय पर जारी नहीं हो रही है। पिछले महीने लाभार्थियों के खातों में राशि 14 तारीख को पहुंची थी। पहले जहां भुगतान की समय-सीमा अपेक्षाकृत तय मानी जाती थी, वहीं अब इसकी कोई निश्चित तिथि नहीं दिख रही है।
राशि जारी होने में लगातार हो रही देरी को लेकर कई लाभार्थी महिलाओं ने नाराजगी भी जताई है। वहीं, अन्य राज्यों में महिला हित की योजनाओं के तहत सहायता राशि बढ़ाए जाने की चर्चा के बीच छत्तीसगढ़ में नई पात्र महिलाओं को अब तक योजना से नहीं जोड़ा जाना भी सवालों के घेरे में है।
फिलहाल, नई आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। योजना का पोर्टल खुलने के बाद ही नई पात्र महिलाओं को पंजीयन का अवसर मिल सकेगा।





