जांजगीर-चांपा। कहते हैं कि सच्चे प्यार के आगे देश और सरहदों की दूरियां भी छोटी पड़ जाती हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प मामला छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से सामने आया है। यहां पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भुईगांव की रहने वाली क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के युवक क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम के साथ विवाह किया है। दोनों ने जांजगीर-चांपा कलेक्टर कार्यालय में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपने रिश्ते को शादी का नाम दिया।
विदेश में नौकरी के दौरान दोस्ती बदली प्यार में
जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल नीदरलैंड में नौकरी करती हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात वहां रहने वाले 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम से हुई। शुरुआती जान-पहचान धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और समय के साथ दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इसके बाद उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
शादी के लिए पहुंचे छत्तीसगढ़, पूरी की कानूनी प्रक्रिया
दोनों ने विवाह के लिए छत्तीसगढ़ को चुना। जांजगीर-चांपा कलेक्टर कार्यालय में विवाह अधिकारी प्रमोद गुप्ता के समक्ष तीन गवाहों की मौजूदगी में शादी की औपचारिकताएं पूरी की गईं। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवदंपती को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
परिवार की रजामंदी से लिया शादी का फैसला
इस विवाह में दोनों परिवारों की सहमति भी रही। क्रिस्टीना के पिता हनोल नथेनियल और क्रिस्टीयान के पिता विलेम डीर्क वरबूम हैं। अलग-अलग देशों की संस्कृति और परिवेश में पले-बढ़े होने के बावजूद दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना।
गांव की बेटी की विदेशी युवक से शादी बनी चर्चा का विषय
जांजगीर-चांपा के ग्राम भुईगांव की युवती का नीदरलैंड के युवक से विवाह स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। विदेश में शुरू हुई दोस्ती, प्यार और फिर छत्तीसगढ़ में विवाह तक पहुंची यह कहानी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। दोनों की शादी ने यह संदेश दिया है कि आपसी विश्वास और समझदारी से देश की सीमाओं से परे भी रिश्ते मजबूत बन सकते हैं।





