कोरबा, 19 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लूटपाट का मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने खुद को माइनिंग कर्मचारी बताकर एक ट्रेलर चालक को झांसे में लिया और उसका मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटा गया सामान और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

रास्ते में ट्रेलर रोकते ही पहुंचे दो युवक

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर चालक वाहन क्रमांक CG 12 BN 4977 लेकर गेवर्रा से रायगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे कमरीचोली मुख्य मार्ग पर उसने अपना वाहन रोका और नीचे उतरा।

तभी मोटरसाइकिल से पहुंचे दो युवकों ने खुद को माइनिंग कर्मचारी बताते हुए चालक से बातचीत शुरू कर दी। बातचीत के दौरान दोनों ने चालक को उलझाए रखा और मौका मिलते ही उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 500 रुपये छीनकर भाग निकले।

मोबाइल बेचने की कोशिश में पुलिस के हत्थे चढ़े

लूट की घटना के बाद चालक ने उरगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि उरगा चौक के आसपास दो युवक एक मोबाइल फोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।

आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, नकदी और बाइक जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केसरी नंदन वैष्णव (36), निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक और ललित कुमार चौहान (22), निवासी कटबितला, कोरबा के रूप में की है।

आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी

उरगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। दोनों को 18 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।