कोरबा। शहर के पावर हाउस रोड स्थित 'पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर' में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बंद दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास की दुकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं और बड़ा हादसा टल गया।
मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बाजार की अधिकांश दुकानें बंद थीं। देर रात करीब 12 बजे लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और इसकी जानकारी दुकान संचालक को दी। शटर खोलने पर अंदर रखा कपड़ा और अन्य सामान आग की चपेट में आ चुका था। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में दुकान में रखा कपड़ा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि नुकसान का सटीक आकलन अभी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठान संचालक ने कुछ समय पहले पास में ही नया और बड़ा शोरूम शुरू किया था, जहां बिक्री के लिए रखे जाने वाले अधिकांश नए कपड़े पहले ही स्थानांतरित कर दिए गए थे। आग जिस पुराने प्रतिष्ठान में लगी, वहां लंबे समय से रखा पुराना स्टॉक मौजूद था।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोग शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुराने स्टॉक और बीमा को लेकर चर्चाएं
घटना के बाद बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि आग उसी दुकान में लगी, जहां पुराना स्टॉक रखा हुआ था। वहीं दुकान के बीमा को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और न ही जांच में अभी तक ऐसा कोई तथ्य सामने आया है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। वहीं व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में बिजली की वायरिंग की नियमित जांच और सभी दुकानों में अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखने की मांग की है।





