जांजगीर-चांपा: जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने एक बुजुर्ग को 24 घंटे से अधिक समय तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की विशेष टीम ने मध्य प्रदेश के इंदौर से 21 और 24 साल के दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी पुलिस ने इसी तरह के एक मामले में पंजाब से एक आरोपी को पकड़ा था।


मनी लॉन्ड्रिंग और CBI का डर दिखाकर रचा षड्यंत्र

प्रार्थी तुषारकर देवांगन ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकॉम अथॉरिटी का अधिकारी 'विजय खन्ना' बताया और कहा कि उनके मोबाइल नंबर का उपयोग बड़े स्तर पर मनी लॉन्ड्रिंग में किया गया है, जिसकी एफआईआर मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन में दर्ज है।

इसके तुरंत बाद उन्हें कथित सीबीआई अधिकारी बनकर वीडियो/ऑडियो कॉल किया गया। कॉल करने वालों ने कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की धमकी देकर बुजुर्ग को 24 घंटे से अधिक समय तक वीडियो कॉल के जरिए डिजिटल अरेस्ट रखा।


पुलिस केस रफा-दफा करने के नाम पर ऐंठे ₹32 लाख

बुजुर्ग पीड़ित काफी डर गए, जिसका फायदा उठाकर ठगों ने पुलिस और सीबीआई से मामला सुलझाने (सेटिंग करने) का झांसा दिया। आरोपियों ने डरा-धमकाकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 32 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम ट्रांसफर होने के कुछ दिनों बाद जब आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर बंद आने लगे, तब पीड़ित ने परिजनों को पूरी बात बताई और उन्हें ठगी का एहसास हुआ।


बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 3(5) तथा 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंक खातों का विश्लेषण करने पर पता चला कि ठगी की राशि 'स्लाइस स्मॉल फाइनेंस बैंक' के खातों में ट्रांसफर की गई है।

तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेस करते हुए जांजगीर पुलिस की टीम इंदौर पहुंची। पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया:

  1. सौम्य जैसवार (21 वर्ष), पिता राजेश जैसवार, निवासी प्रजापत नगर, इंदौर (म.प्र.)
  2. देवराज अमकरे (24 वर्ष), पिता रघुवीर अमकरे, निवासी गुरु शंकर नगर, इंदौर (म.प्र.)


न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस त्वरित और सफल कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, पीएसआई रुकसाना बानो, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, हेड कांस्टेबल विवेक सिंह और आरक्षक गिरीश कश्यप की अहम भूमिका रही।