कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। कटघोरा स्थित चर्चित मुरली होटल में ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़ा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया। जांच में कई अनियमितताएं पाए जाने पर होटल का लाइसेंस दो दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया।

नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों के उड़े होश

जानकारी के मुताबिक, मुरली होटल में कुछ ग्राहक नाश्ता करने पहुंचे थे। उन्होंने डोसा और सांभर मंगवाया था। इसी दौरान सांभर में कीड़ा दिखाई देने पर ग्राहकों ने नाराजगी जताई और होटल प्रबंधन से शिकायत की। मामला बढ़ने के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

रसोई की जांच में सामने आई कई खामियां

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास कुमार भगत के नेतृत्व में विभागीय टीम ने होटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई की साफ-सफाई में कई कमियां मिलीं। कर्मचारियों के बिना एप्रन और दस्ताने काम करने, खुले कूड़ेदान तथा फर्श और दीवारों पर गंदगी जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

विभाग ने सांभर का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है।

13 और 14 नवंबर को होटल बंद रखने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने मुरली होटल का लाइसेंस 13 और 14 नवंबर 2026 के लिए निलंबित कर दिया। इस अवधि में होटल का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए।

वहीं, कटघोरा स्थित शारदा स्वीट्स में भी स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर विभाग ने उसका लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया।

खाने की गुणवत्ता को लेकर बढ़ी चिंता

होटल में सामने आई इस घटना ने बाहर भोजन करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य होटल और भोजनालय संचालकों के लिए भी स्वच्छता नियमों का पालन करना जरूरी हो गया है।

फिलहाल सांभर के नमूने की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।