पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के पास भारतीय क्रू सदस्यों वाले जहाज एमटी जलवीर में आग लगने की घटना सामने आई है। जहाज पर हुए हमले के बाद आग भड़क गई, हालांकि हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इससे पहले होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट तेल टैंकर एमटी सेत्तेबेल्लो पर हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि मृतकों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। अमेरिकी सेना का दावा है कि संबंधित टैंकर ईरानी तेल लेकर जा रहा था और चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ने पर कार्रवाई की गई।
बीते कुछ दिनों में भारतीय क्रू वाले जहाजों से जुड़ी यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले सोमवार को तेल टैंकर द मैरिवेक्स पर हुए हमले के दौरान सवार 24 भारतीय नाविकों को ओमान की नौसेना ने सुरक्षित बचा लिया था।
पिछले 24 घंटे की प्रमुख घटनाएं
जॉर्डन ने पांच मिसाइलें मार गिराने का दावा किया
जॉर्डन की सेना के अनुसार ईरान की ओर से दागी गई पांच मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। घटना में किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
ईरान का दावा, अमेरिकी ड्रोन गिराया
ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक देश के दक्षिणी हिस्से में अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया गया है। हालांकि अमेरिका ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
होर्मुज क्षेत्र में टैंकर पर हमला
ओमान तट के निकट एक तेल टैंकर पर हुए हमले के बाद जहाज में आग लग गई। जहाज पर 24 भारतीयों समेत 28 चालक दल के सदस्य सवार थे। एक व्यक्ति की मौत की खबर है, जबकि कुछ अन्य लापता बताए जा रहे हैं।
रूस ने संयम बरतने की अपील की
रूस ने अमेरिका और ईरान दोनों से सैन्य कार्रवाई रोककर बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने का आग्रह किया है।
कतर का प्रतिनिधिमंडल तेहरान पहुंचा
क्षेत्रीय तनाव कम करने और हालात सामान्य बनाने के प्रयासों के तहत कतर ने अपना विशेष प्रतिनिधिमंडल ईरान भेजा है।





