रायपुर। राजधानी पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक समेत कुल चार वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने अधिकारियों को चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
टीम ने चोरी की घटनाओं वाले स्थानों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर तकनीकी जांच और सूचना तंत्र के माध्यम से वाहन चोरों की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू लगातार दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल बदल-बदलकर कर रहा है। आरोपी पहले भी वाहन चोरी समेत कई मामलों में शामिल रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को टीवीएस ड्रीम योगा मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। वाहन के दस्तावेज मांगने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि उक्त बाइक उसने अपने भाई के साथ मिलकर पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से चोरी की थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ पल्सर बाइक से अलग-अलग इलाकों में घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करता था। इसके बाद मौका देखकर वाहन चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर उनका इस्तेमाल करते थे। आरोपी ने विधानसभा क्षेत्र समेत अन्य स्थानों से दो और वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीन दोपहिया वाहन और वारदात में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमसेना, थाना खरोरा, रायपुर का रहने वाला है और वर्तमान में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी धनसुली, थाना विधानसभा क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ खरोरा, विधानसभा समेत कई थानों में वाहन चोरी और चोरी के 15 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा वह दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में दर्ज बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।
इस मामले में आरोपी का भाई भी शामिल बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बरामद वाहन:
- टीवीएस ड्रीम योगा बाइक (थाना पंडरी चोरी प्रकरण)
- स्प्लेंडर बाइक (थाना विधानसभा चोरी प्रकरण)
- एक्टिवा स्कूटर
- पल्सर बाइक (वारदात में प्रयुक्त)
पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





