दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार देर रात एक हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर लेखराम कोठारी पर जानलेवा हमला कर उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लेखराम कोठारी को कुछ दिन पहले दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद रविवार रात कुंदरापारा में उस पर हमला किया गया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।