धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसका असर अब स्कूलों पर भी देखने को मिल रहा है। कई शैक्षणिक संस्थानों में बारिश का पानी भर जाने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने नगरी विकासखंड के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
इसी बीच गुजरा स्कूल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूली बच्चे घुटनों तक भरे पानी के बीच होकर स्कूल पहुंचते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। लगातार खराब मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने एहतियात के तौर पर अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया। वहीं नगरी क्षेत्र में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
धमतरी जिले में बारिश का असर लगातार गहराता जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से जलभराव की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाते हैं। रेड अलर्ट के मद्देनज़र प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को जलमग्न रास्तों से स्कूल नहीं भेजने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।





